नवाबगंज। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर विवाहिता की गला घोटकर बृहस्पतिवार को हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के भाई ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ शनिवार को थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रिछोला गांव के करन पाल ने अपनी बहन पूजा का विवाह 26 फरवरी को कुन्दमन बन्नोबेगम गांव के राम सिंह के साथ किया था। विवाह के कुछ समय तक तो ठीक-ठाक रहा। बाद में ससुराली दहेज में कार की मांग करने लगे। विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर असमर्थता जताई तो उसे प्रताड़ित करने लगे। मृतक के भाई करनपाल ने बताया कि 21 अगस्त को उसकी बहन पूजा ने फोन पर बताया कि उसके पति राम सिंह, ससुर रूपचंद, सास उर्मिला और चचिया ससुर लाल कुंवर उसे जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वह उसकी ससुराल पहुंचे तो उसका शव कमरे में लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इधर, कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर चार लोगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस को जांच के आदेश दे दिए गए हैं।