अलीगंज। क्षेत्र के गांव गैनी की बाजार में शुक्रवार शनिवार सुबह पाकड़ के पेड़ पर फंदे से युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और थाना पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों के अनुसार बदायूं के शेखूपुर निवासी 38 वर्षीय चैनी शराब पीने का आदी था। शुक्रवार को चैनी ने अपनी पत्नी फ़िल्मा से शराब पीने को रुपये मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। फिल्मा इसकी शिकायत करने थाने पहुंची तो पुलिस ने चैनी का शांति भंग में चालान कर दिया। इसके बाद उसके ससुराल वाले चैनी की जमानत कराकर ले आए। शाम को खाना खाने के बाद लगभग सात बजे वह घर से किशनपुर की तरफ चला गया। उसके बाद आकर देर रात किसी समय वह घर से दोबारा निकल गया। सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव गैनी बाजार में पेड़ पर फंदे से लटका देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बताते हैं कि कुछ दिनों से चैनी अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गैनी ससुराल में रह रहा था।
थानाध्यक्ष राजित राम ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।