पति सहित आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
मीरगंज। क्षेत्र के एक गांव में दहेज की खातिर विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर मिलने पर पति सहित आठ लोगों के खिलाफ शनिवार को मीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की है।
रामपुर के मिलक के लखीमपुर बिश्ननु गांव निवासी पीड़ित मुन्नालाल मौर्य ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी पुष्पा की शादी मीरगंज के गांव रसूलपुर निवासी राजेंद्र राज मौर्य के साथ पिछले साल 26 अप्रैल को की थी। बेटी बिदा होकर ससुराल गई तो ससुराली कार और दो लाख रुपये दहेज के रूप में मांगने लगे। इन्कार करने पर मारने-पीटने लगे। कुछ दिनों बाद बेटी मायके आ गई, जिसे समझाकर वापस भेज दिया। उनका आरोप है कि तीन दिन पहले ससुराल वालों की प्रताड़ना से उसकी बेटी को बुखार आ गया। दवा दिलाने के बजाए उसे और प्रताड़ित किया गया। 24 जनवरी को बेटी को जहरीला पदार्थ खिला दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
सूचना पर बह बेटी के ससुराल पहुंचे। उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि तहरीर मिलने पर विवाहिता के पति राजेंद्रराज मौर्य, ससुर रामदास, सास कमला देवी, जेठ छेदालाल, ननद गीता, बीरवती एवं दुर्गपाल समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
-