भोजीपुरा। गांव सागलपुर में मिट्टी खनन के दौरान पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को लेखपाल पर छोड़ने का आरोप लगा है। प्रधान ने अवैध खनन करने वालों से लेखपाल पर सांठगांठ करने का आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल पर शिकायत की है।
सागलपुर गांव की प्रधान आरती गंगवार ने आरोप लगाया कि अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को पकड़ने के बाद लेखपाल ने छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव सागलपुर, मझौआ, गंगापुर के जंगल में अवैध खनन का कार्य बड़े पैमाने पर चल रहा है। इस पर लेखपाल ने अपनी सफाई देते हुए बताया कि जहां खनन हो रहा है। वह क्षेत्र प्रहलादपुर गांव का है। वह दूसरे लेखपाल के क्षेत्र में आता है। उन्होंने राजस्व निरीक्षक भोजीपुरा रविकांत को सूचना दे दी है। राजस्व निरीक्षक रविकांत ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर प्रधान आरती व उनके पति राम निवास गंगवार ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसडीएम सदर ने संज्ञान लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। संवाद