बरेली। सरकारी कार्यालयों में गाड़ी ठेके पर लगवाने वाला ठेकेदार छोटेलाल गंगवार बृहस्पतिवार को बीएसए कार्यालय की छत से पीछे की ओर कूद गया। इससे उसके हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, यश इंटरप्राइजेज के नाम से छोटेलाल शिक्षा विभाग में सरकारी अधिकारियों के लिए गाड़ी लगवाने का कार्य करता है। उसने शेरगढ़ क्षेत्र के महिपाल की गाड़ी भी दो साल पहले बहेड़ी में एक सरकारी कार्यालय में लगवाई थी। महीपाल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने दो साल से किराया देना तो दूर की बात, उनकी गाड़ी ही बेच दी।
उन्होंने उत्तराखंड में इसकी रिपोर्ट लिखवाई थी। गाड़ी की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई। बृहस्पतिवार को महीपाल के परिजनों ने बीएसए कार्यालय में छोटेलाल को घेर लिया। इस पर वह छत से कूद गया। महीपाल के परिजनों ने घायल ठेकेदार को पुलिस के हवाले कर दिया।
चर्चा है कि ठेकेदार पर बीएसए कार्यालय के कई कर्मचारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों के भी रुपये बकाया हैं। ठेकेदार से साठगांठ में कुछ कर्मचारियों की नौकरी भी चली गई है। संवाद