जंक्शन यार्ड में बुधवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस के डिरेलमेंट में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अभी कार्रवाई नहीं हो पाई है। इसी बीच इलाहाबाद पैसेंजर का भी डिब्बा शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गया। इससे दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और अलीगढ़ पैसेंजर देर से रवाना हुई।
बरेली से इलाहाबाद जाने वाली इलाहाबाद पैसेंजर की रविवार रात दो बजे यार्ड में लाइन नंबर 14 पर शंटिंग हो रही थी। इस बीचट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। डिरेलमेंट की सूचना पर रेलवे अफसरों के अलावा इंजीनियरिंग और मेकैनिकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसमें पता चला कि शंटिंग लाइन का प्वाइंट गलत जुड़ने से ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है। डिरेलमेंट के चलते दिल्ली जाने वाली इंटर सिटी सोमवार सुबह 4:55 बजे की बजाए 6:50 बजे और अलीगढ़ पैसेंजर 4:40 बजे की बजाए 7:35 पर रवाना हुई।
डिरेलमेंट गलत प्वाइंट जुड़ने से हुआ। इसमें शंटिंग मास्टर और लोको पायलट की गलती मानी जा रही है। उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी।
- एससी शर्मा, कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक
डुप्लीकेट राजधानी समेत कई ट्रेनें लेट
सोमवार को डुप्लीकेट राजधानी नौ घंटे, हरिद्वार एक्सप्रेस चार घंटे, सियालदाह एक्सप्रेस चार घंटे और हिमगिरि एक्सप्रेस सात घंटे देरी से चली। इससे यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।