नवाबगंज। कार चालक की एक झपकी ने दो परिवारों की खुशियां तमाम कर दी। सोमवार पूरी रात समारोह में जागने के बाद तड़के वे बुलंदशहर से पीलीभीत के लिए निकले थे। कार तेज रफ्तार में थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पहले असंतुलित हुई और पीलीभीत की तरफ से आ रही रोडवेज बस में जा घुसी। आशंका जताई कि चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ।
कव्वाल शयुम अक्सर दूर-दराज के जिलों में कव्वाली कार्यक्रमों की बुकिंग लेते थे। इस बार बुलंदशहर की बुकिंग शयुम के लिए आखिरी साबित हुई। ग्रामीणों ने बताया कि आमने-सामने की टक्कर के कारण धमाका दूर तक सुनाई दिया। हादसे में शयुम बेग के बेटे वहीद बेग, जावेद, अरशद अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। शयुम की पत्नी सुहाना बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अकरम के परिवार में मां महरूम बेगम, भाई असलम, सोनू, ताजवर, कौशर, पत्नी बेबी बेगम भी बदहवास हैं। पुलिस ने रोडवेज बस और कार को कब्जे में ले लिया है। दोनों वाहनों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। संवाद