उन्होंने होलिका दहन निर्धारित स्थल पर कराने, नई परंपरा न डालने की अपील लोगों से की। होलिका दहन के दौरान कोई ज्वलनशील पदार्थ आसपास न रखने, सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों की सूचना देने, जुलूस निर्धारित रूट से निकालने, शराब बंदी के निर्देश का कड़ाई से अनुपालन कराने को कहा। साथ ही, शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में दोषी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
ट्रेनों पर पत्थर, कीचड़ फेंकने वाले जाएंगे जेल
होली के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी को अलर्ट कर दिया गया है। ट्रेनों के साथ रेल ट्रैक पर भी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। अतिरिक्त गश्त भी शुरू कर दी गई है। मुरादाबाद से लखनऊ रेल रूट के ऐसे स्थानों को पहले ही चिह्नित कर लिया गया है, जहां होली के दौरान ट्रेनों पर पत्थर या कीचड़ फेकने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।
रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा दस्तों में भी इजाफा किया गया है। शनिवार को जंक्शन पर अप-डाउन ट्रेनों में आरपीएफ और आरपीएफ ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्धों की तलाश की गई।