अफसरों ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, कॉल कर तत्काल दें टिड्डियों के दल आने की सूचना
बरेली। करीब 40 साल बाद एक बार फिर टिड्डियों के हमले से तबाही का अनुमान लगाया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से जारी डाटा के मुताबिक पाकिस्तान से प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर चुका टिड्डियों का दल करीब एक किलोमीटर लंबा के फैलाव में आगे बढ़ रहा है। वहीं, इसकी लंबाई करीब पांच किलोमीटर तक है। जो बेहद ही गंभीर माना जा रहा है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम की स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत अफसरों ने कंट्रोल रूम स्थापित कर टोल फ्री समेत अफसरों के व्यक्तिगत नंबर भी किसानों की मदद के लिए जारी किए हैं।
प्रगतिशील किसान अनिल साहनी के मुताबिक केंद्र सरकार की ओर से जारी डाटा के मुताबिक पाकिस्तान से देश में घुसे टिड्डी दल अबकी बार तीन रूट के जरिए प्रवेश कर रहे हैं। जिसके मुताबिक एक दल आगरा से भरतपुर की ओर है। दूसरा, जयपुर से मध्य प्रदेश और तीसरा राजस्थान के जैसलमेर में रुका हुआ है। आगरा से भरतपुर का टिड्डी दल एक किलोमीटर चौड़ाई में और तीन किलोमीटर लंबाई में है। जैसलमेर में जो दल है, वह एक किलोमीटर चौड़ाई में और पांच किलोमीटर लंबा है। वहीं, जयपुर से मध्य प्रदेश में जो दल है वह एक किलोमीटर चौड़ाई और 25 किलोमीटर लंबाई में है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक एक किलोमीटर के दायरे में फैला टिडिडयों के जिस झुंड की बरेली मंडल की ओर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है वह एक दिन में करीब 35 हजार लोगों के बराबर की फसल हजम कर सकते हैं। इसे देखते हुए अफसरों ने एहतियातन किसानों को टिड्डियों से फसल बचाने के लिए सुरक्षा इंतजाम करने का सुझाव दिया है। क्योंकि 20-25 मिनट में यह दल एक पांच किमी. के दायरे में फसल को पूरी तरह बरबाद कर सकती हैं।
जून से अक्तूबर तक होता है टिड्डियों का ब्रीडिंग पीरियड
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान से आ रहे रेगिस्तानी टिड्डों को ब्रीडिंग के लिए रेतीला इलाका पसंद आता है। इन टिड्डों का ब्रीडिंग पीरियड जून, जुलाई से अक्तूबर, नवंबर तक होता है। बताया जाता है कि एक टिड्डी एक बार में 150 अंडे तक देती है और उनके बढ़ने की गति बेहद तेज होती है। इनकी पहली पीढ़ी 16 गुना, दूसरी 400 गुना और तीसरी पीढ़ी 16 हजार गुना तक बढ़ जाती है।
जारी किए हैं हेल्पलाइन नंबर
विकास भवन में टिड्डी दल नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अर्चना वर्मा ने बताया कि सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक कंट्रोल रूम के नंबर 05812425327 पर टिड्डी दल के आने की सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा 8765596452, 6397933212, 9758629515, 9312849249, 9368827248 मोबाइल नंबरों पर कॉल कर जानकारी दी जा सकती है।