नंबर सर्विलांस पर लगे होने का लगाया आरोप
निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि उनका और उनके कई प्रमुख समर्थकों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। उनके निकटवर्ती अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर हैं। अलंकार ने कहा कि उन्होंने साथियों को बता रखा है कि जब उनका मोबाइल नॉट-रीचेबल हो जाए या कोई छीन ले, उस परिस्थिति में बात करने के लिए कोड बनाया है। वह कोड उन्होंने अपने दो साथियों को दिया है। यदि कोई व्यक्ति एआई के माध्यम से भी उनके मोबाइल फोन से किसी से बात करना चाहेगा तो जब तक कोड सत्यापित नहीं होगा, तब तक वह ऐसा नहीं कर पाएगा।
पिछले माह शुरू कराया था कैंप कार्यालय का निर्माण
निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट ने पिछले माह ही आवास परिसर में कैंप कार्यालय का निर्माण शुरू कराया था। स्टाफ के मुताबिक, कार्यालय को लेकर वह काफी उत्साहित थे। ठेकेदार से अगले माह पत्नी और बच्चों के आने से पहले कार्य खत्म करने के लिए कहते थे। ज्यादातर वक्त शांत और कमरे में रहते थे। नए साल पर सभी को कंबल दिए थे। 26 जनवरी को इस्तीफा और फिर निलंबन के बाद कर्मचारियों से बात नहीं हो सकी। मामले में पहले भी कोई बात नहीं की। हालांकि, कर्मियों ने उनकी ओर से लिए गए निर्णय पर किसी तरह की टिप्प्णी से इन्कार कर दिया।
आवास परिसर में लगाए गए आठ कैमरे
इस्तीफे और निलंबन के बाद विरोध प्रदर्शन और आवाजाही की निगरानी के लिए एडीएम कंपाउंड के दोनों प्रवेश द्वार से लेकर सिटी मजिस्ट्रेट आवास तक और परिसर के अंदर कुल आठ सीसी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें तीन कैमरे बुधवार को लगाए गए हैं, जबकि मंगलवार को पांच कैमरे लगाए गए थे। कनेक्शन के दौरान बिजली केबल जोड़ने के दौरान समर्थक सिटी मजिस्ट्रेट आवास की बिजली काट दिए जाने का हल्ला मचाते रहे।