बरेली। वायुसेना स्टेशन के विस्तार की कवायद में प्रशासन द्वारा चिह्नित भूमि के करीब साढ़े नौ हेक्टेयर कम होने का अंदेशा है। वायुसेना के अफसरों ने रक्षा संपदा विभाग को पत्र भेजकर प्रकरण पर राजस्व विभाग के साथ संयुक्त स्थलीय सर्वे का अनुरोध किया है।
रक्षा मंत्रालय से एयरफोर्स स्टेशन के विस्तार के लिए मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रकिया जारी है। वर्ष 2022 में जारी आदेश के क्रम में आसपास के गांवों की भूमि का चिह्नांकन शुरू हुआ। पिछले वर्ष करीब 93.798 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर राजस्व विभाग की टीम ने रिकॉर्ड जिलाधिकारी को सौंपा था। तहसील सदर के ग्राम भूड़ा, हाजीपुर ब्रजलाल, नगरिया कलां क्षेत्र की भूमि प्रस्तावित कर जानकारी उपलब्ध कराई थी। क्रमवार फाइल रक्षा संपदा विभाग से होते हुए वायुसेना स्टेशन पहुंची। चिह्नित भूमि का एयरफोर्स ने अपने नक्शे से मिलान किया।
एयरफोर्स अफसरों को अंदेशा है कि कुल भूमि यानी 93.798 हेक्टेयर में से 9.485 हेक्टेयर भूमि मौके पर कम प्रतीत हो रही है। रक्षा संपदा अधिकारी शिल्पा ग्वाल का कहना है कि संबंधित पत्र जिला प्रशासन को भेज दिया है। एयरफोर्स अफसरों को भी संपर्क करने का सुझाव दिया है।
55 वर्षों में कई बार भूमि के नक्शे में हुआ है बदलाव
सूत्रों के मुताबिक एयरफोर्स के पास के इलाके का नक्शा करीब 55 वर्ष पुराना है। तब से अब तक कई बार गाटा संख्या में बदलाव हुआ है। लिहाजा, इसी के सापेक्ष नक्शे भी बदले गए हैं। संभवत: पुराने नक्शे से मिलान की वजह से भूमि कम होने का अंदेशा है। अगर राजस्व विभाग की टीम के साथ चिह्नित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जाए तो वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा और सटीक आकलन भी हो सकेगा। ब्यूरो