बरेली। बरेली डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही बालक वर्ग की इंटर स्कूल अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला एयरफोर्स स्कूल व दूसरा गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज की टीम ने जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
एयरफोर्स स्कूल बनाम आर्मी पब्लिक स्कूल के बीच हुए पहले मैच में आर्मी स्कूल के युवराज सिंह ने 15वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हाफ टाइम के बाद 38वें मिनट में एयरफोर्स के कार्तिक वर्मा के बेहतरीन पास पर नैतिक ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। सीटी बजने तक यही स्कोर रहा। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से मुकाबला जीतकर एयरफोर्स स्कूल की टीम फाइनल में पहुंची।
दिन का दूसरा मुकाबला गुरु गोविंद सिंह इंटर काॅलेज व आर्मी पब्लिक स्कूल द्वितीय के मध्य खेला गया। गुरु गोविंद सिंह के आर्यन के पास पर कुनाल ने 27वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। आर्यन के पास पर आनंद ने गोल कर स्कोर को 2-0 कर दिया। अंतिम समय तक आर्मी पब्लिक स्कूल की टीम एक भी गोल नहीं कर पाई। संवाद