सपा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि बरेली में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर करने के लिए एम्स की स्थापना बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में कोई उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान नहीं है।
रुहेलखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्या ने बरेली में एम्स और बदायूं में होम्योपैथी अस्पताल खोले जाने की मांग की है। संसद सत्र के लिए दिल्ली में मौजूद सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए पत्र लिखा है।
विज्ञापन
सांसद ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर करने के लिए एम्स की स्थापना बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में कोई उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान नहीं है। जटिल रोगों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ लगानी पड़ती है। गरीब और मध्यम वर्ग के लोग आर्थिक दिक्कतों की वजह से इलाज भी नहीं करा पाते। सड़क दुर्घटना, हृदयाघात व अन्य आपातकालीन स्थितियों में समय से इलाज नहीं मिल पाने से जान का जोखिम रहता है। एम्स की स्थापना से ही इस समस्या का समाधान हो सकता है।
साथ ही, सांसद ने बदायूं के नवीगंज में चिकित्सा सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। इस क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए होम्योपैथी अस्पताल बनाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि होम्योपैथी मरीजों के लिए सस्ती, प्रभावी और सुलभ चिकित्सा का विकल्प हो सकती है।