बरेली। श्री अग्रवाल सभा कल्याण समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन सोमवार को संपन्न हो गया। कर्मचारी नगर के एक होटल में हुए सम्मेलन में 35 रिश्तों पर सहमति बनी। इस दौरान समाज के बुजुर्ग महिला-पुरुषों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने युवक-युवतियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि वह अग्रवाल समाज की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। समाज के अंतिम व्यक्ति की सहायता के लिए संकल्पित हूं। राजेंद्र अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व दोनों अतिथियों ने सम्मेलन का शुभारंभ कुलदेवी माता महालक्ष्मी, अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। अतिथियों का स्मृति चिह्न प्रदान कर व शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष उमानाथ अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन दो सौ युवक-युवतियों ने परिचय देकर सुयोग्य जीवनसाथी की तलाश की।
संरक्षक अधिवक्ता अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन में जो रिश्ते तय हो गए हैं उनके प्रत्यावेदन मिलने पर अग्रवाल सभा विवाह समारोह का आयोजन करेगी। महामंत्री दिनेश अग्रवाल व मीडिया प्रभारी अधिवक्ता हर्ष कुमार अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन में 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अग्रवाल समाज के 30 वरिष्ठ नागरिकों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुनील मित्तल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, डॉ. नीरू अग्रवाल, डॉ आरती गुप्ता ने किया। इस अवसर पर दिनेश, सुधीर कुमार अग्रवाल, आलोक कुमार अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, अरविंद कुमार अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, देवेश कुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।