खलीफा क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेली जा रही तीन मैचों की मैत्रीपूर्ण क्रिकेट सीरीज के दूसरे मुकाबले में खलीफा ए ने खलीफा बी की टीम को करारी शिकस्त दी। इस जीत के मुख्य सूत्रधार कप्तान अफजल अल्वी रहे। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 181 रनों की रिकॉर्ड तोड़ नाबाद पारी खेली।
35 ओवर के मैच में खलीफा ए के कप्तान अफजल अल्वी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरे अफजल ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाते हुए मात्र 101 गेंदों में 19 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 181 रन बना डाले।
उनका बखूबी साथ देते हुए महफूज खान ने भी बल्ले से अपना जौहर दिखाया। 70 गेंदों पर 19 चौकों व एक छक्के की सहायता से 118 रनों की शतकीय पारी खेली। टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में चार विकेट खोकर 381 रनों का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी खलीफा बी की टीम दबाव के आगे बिखर गई और 35 ओवरों में 212 रन ही बना सकी। आकर्ष सक्सेना ने 36 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रनों की आक्रामक पारी खेलकर संघर्ष करने की कोशिश की। खलीफा ए की ओर से जुनैद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने सात ओवर के स्पेल में 47 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।