सीओ के हस्तक्षेप पर पुलिस ने माता-पिता और तीन भाइयों पर दर्ज की रिपोर्ट, मनमाफिक शादी नहीं होने पर जहर खाने की भी चर्चा
शाही (बरेली)। इलाके के एक गांव निवासी छात्रा की मौत के बाद रात में गुपचुप उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शुरुआत में थाना पुलिस मामले को टालती रही। शिकायत पर सीओ मीरगंज व थाना प्रभारी ने गांव जाकर जांच की, फिर चौकीदार की सूचना पर छात्रा के माता-पिता और तीन भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12वीं की छात्रा की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने रात 12 बजे अज्ञात जगह उसका अंतिम संस्कार कर दिया। किसी ने सम्मान की खातिर छात्रा की हत्या कर शव ठिकाने लगाने की सूचना दी तो सीओ मीरगंज अजय कुमार बृहस्पतिवार को शाही इंस्पेक्टर राजेश बैसला के साथ जांच के लिए गांव पहुंच गए। सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि छात्रा दो माह पहले गांव के ही दूसरी बिरादरी के युवक के साथ चली गई थी। कुछ दिन बाद वह किसी तरह घर लौट आई।
चर्चा है कि इससे नाराज परिजनों ने तीन दिन पहले ही बेटी की जान ले ली। हालांकि, सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहर खाने से मौत का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार कहां किया गया? कैसे किया गया? यह भी जांच का विषय है। चौकीदार सूरज की ओर से छात्रा के माता-पिता व तीन भाइयों पर रिपोर्ट कराई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कहीं और शादी करना चाहता था परिवार
चौकीदार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में भी प्रेम प्रसंग का पुट सामने आया है। रिपोर्ट में उल्लेख है कि छात्रा किसी से प्रेम करती थी और उसका परिवार कहीं और शादी कराना चाहता था। जल्द ही उसकी गोद भराई के लिए लड़का पक्ष के लोग आने वाले थे। सीओ ने भी स्वीकारा कि चौकीदार ने बताया कि परिवार के लोग छात्रा की दूसरी जगह शादी करना चाहते थे, इस कारण उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। संवाद