बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी युवती बुधवार को उसके घर पहुंच गई। प्रेमी के परिजनों ने इसका विरोध किया तो प्रेमिका ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रेमिका के परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानी नहीं। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस उन दोनों को साथ लेकर थाने ले आई। शादी की बात पर दोनों के परिजन राजी हो गए, तब प्रेमिका अपने प्रेमी के ही साथ चली गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक झारखंड में मजदूरी करता है। उसकी बहन क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है। वहां आने जाने के दौरान उसका गांव की एक युवती से प्रेम-प्रसंग हो गया। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसपर पहरा लगा दिया। इससे परेशान युवती बुधवार को अपने प्रेमी के घर पहुंच कर शादी की जिद पर अड़ गई।
लड़का-लड़की दोनों बालिग
हंगामे के बाद थाने में दोनों पक्षों के लोगों की पंचायत के बाद युवती के परिजन उसका विवाह प्रेमी से करने के लिए राजी हो गए। इसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि लड़का-लड़की दोनों बालिग हैं। दोनों के परिजन उनकी शादी के लिए राजी है। युवती के परिजनों की सहमति से युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई।