फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चे के लिए डेढ़ साल बाद एक साथ रहेंगे मां-बाप

Thu, 04 Feb 2016 01:59 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। डेढ़ साल से अलग रहे पति-पत्नी आखिरकार अपने बेटे की चाहत के लिए फिर से संग रहने को राजी हो गए। बरेली के जरी कारीगर मोहम्मद मोईद और पटियाला की वर्षा ने 2009 में प्रेम विवाह किया था। वर्षा ने तब धर्म बदल कर अपना नाम रेहाना रख लिया था और बरेली आकर मोईद के संग रहने लगी थी। डेढ़ साल पहले अनबन हुई तो पांच साल के बच्चे को छोड़कर रेहाना पटियाला लौट गई थी। अब जब बच्चे की याद आई तो वह उससे मिलने और उसे लेने अपने पिता के साथ बरेली आ गई। थाने में पुलिस की मौजूदगी में वर्षा के आंसू देखकर भी उसके मासूम बेटे ने उसे नहीं पहचाना तो उसने पति के साथ रहने की हामी भर दी। तय हुआ कि पंजाब और बरेली स्थित दोनों अपने शहर छोड़कर कहीं भी रह सकते हैं। मोईद ने एक महीने बाद पत्नी और बच्चे के साथ दिल्ली में रहने का फैसला लिया है।
विज्ञापन

पटियाला (पंजाब) के सिविल लाइंस 22 नंबर फाटक 75 नगर के रहने वाली वर्षा का पड़ोस में ही जरी का काम करने वाले बरेली के मोहन तालाब, जगतपुर के रहने वाले मोईद से प्रेम प्रसंग हो गया था। मोईद उसे बरेली ले आया और 22 अगस्त 2009 को उसने धर्म परिवर्तन कराकर रेहाना बेगम नाम रखकर निकाह कर लिया। मोईद उसे लेकर बरेली में रहने लगा। कुछ दिनों बाद ही दोनों में कहासुनी होने लगी। वर्षा चाहती थी कि मोईद उसके साथ पंजाब में रहे, लेकिन मोईद इसके लिए तैयार नहीं था। इस बीच वर्षा ने एक बेटे को भी जन्म दिया। वर्षा का आरोप है कि मोईद और ससुराल वालों से तंग आकर वह  अपनी सहेली के साथ पटियाला चली गई। बुधवार को वर्षा अपने पिता के साथ थाना बारादरी पहुंच गई। उसका कहना था कि मोईद से उसका बेटा दिला दो। पुलिस ने मोईद को बेटे संग बुलाया तो वह बात करने को तैयार हो गई पर बेटे ने वर्षा को पहचाना ही नहीं। वह रोता हुआ पिता मोईद की गोद में जा बैठा। यह देख वर्षा ने मोईद के साथ रहने को हामी भर दी।     

-पति-पत्नी का विवाद था। मोईद ने सात साल पहले वर्षा का धर्म परिवर्तन कराकर शादी की थी। वह बेटा लेकर घर जाना चाहती थी, लेकिन वह उसके साथ जाने को ही तैयार नहीं था। इसलिए वह भी  पति के साथ रहने को राजी हो गई। कमरुल हसन, प्रभारी निरीक्षक, थाना बारादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें