इंडोनेशिया के बाद भारत से सबसे अधिक यात्री इस बार हज करने जाएंगे। भारत के ही बराबर संख्या पाकिस्तान की है। इसके विपरीत हज यात्रियों की सबसे कम संख्या जापान की है।
भारत का हज कोटा बढ़ाने के बाद इस बार हज पर जाने वाले यात्रियों की संख्या दो लाख हो गई है। वहीं दो लाख 31 हजार हज यात्रियों की संख्या के साथ पहला नंबर इंडोनेशिया का है। भारत के ही बराबर दो लाख हज यात्री पाकिस्तान से हज करने जा रहे हैं, जबकि पिछले साल एक लाख 75 हजार 25 भारत से और एक लाख 84 हजार 210 हज यात्री पाकिस्तान से गए थे। इसमें तीसरा स्थान बांग्लादेश का है, जहां से एक लाख 27 हजार 198 यात्री हज पर जा रहे हैं।
इसके अलावा ईरान से 85 हजार, तुर्की से 80 हजार, मलयेशिया से 30 हजार, ब्रिटेन से 22 हजार 805, फ्रांस से 20 हजार 933, ओमान से 14 हजार, अमेरिका से 13 हजार 417, आस्ट्रेलिया से 3992, न्यूजीलैंड से 750 और जापान मात्र 192 हज यात्री हैं। बरेली हज सेवा समिति संस्थापक पम्मी खान वारसी ने हज कमेटी ऑफ इंडिया के हवाले से बताया कि भारत से जाने वाले हज यात्रियों में बरेली मंडल के 1864 यात्री भी शामिल हैं। हज यात्रा की फ्लाइट जुलाई से शुरू हो जाएगी।