हाफिजगंज (बरेली)। कीटनाशक दवाओं का भुगतान लेकर घर लौट रहे कंपनी के प्रतिनिधि से बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात भंडसर रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार रात 11 बजे हुई।
कुंवरपुर बंजरिया निवासी राजपाल ने थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह को बताया कि वह एक कीटनाशक कंपनी के विक्रय प्रतिनिधि हैं। शनिवार रात 11 बजे वह दुकानदारों से भुगतान लेकर बाइक से लौट रहे थे। भंडसर रोड पर पेट्रोल पंप के पास तीन बदमाशों ने बाइक पर हाथ मारकर उन्हें रोक लिया। फिर उनके सीने पर तमंचा सटाकर उनसे 45 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग की, पर कामयाबी नहीं मिली। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि राजपाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद