पीछे से पति पुलिस को लेकर पहुंचा, समझाकर महिला को मायके भेजा, युवक का चालान
भोजीपुरा। दो बच्चों की मां की दोस्ती इंस्टाग्राम पर दूसरे समुदाय के युवक से हो गई। किसी बात पर पति से झगड़ा हुआ तो वह दोस्त के घर मंगलवार को पहुंच गई। पीछे से पति पुलिस व हिंदूवादी संगठन के सदस्यों को लेकर भोजीपुरा थाने में पहुंच गया। बमुश्किल पुलिस ने महिला को समझाकर मां के साथ मायके भेज दिया। पुलिस ने युवक राहिल का चालान कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का पति से झगड़े के बाद वह अपने दोस्त के यहां पहुंच गई। महिला के पीछे पति भी हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस आरोपी युवक को थाने ले आई। थाने में महिला दोस्त राहिल के साथ रहने के लिए हंगामा किया, लेकिन दोस्त ने महिला को साथ रखने से इन्कार कर दिया। महिला के मायके वाले भी थाने आ गए। पुलिस व महिला की मां ने समझाया तो बमुश्किल मां के साथ जाने को तैयार हुई। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि युवक राहिल का शांति भंग के आरोप में चालान काटा गया है। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। संवाद