बरेली। बिथरी चैनपुर ब्लॉक की छोटी गोशाला से बड़ी गोशाला में गायों को शिफ्ट करने के दौरान एक गाय की मौत के मामले में कार्रवाई की गई। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने शुक्रवार को बीडीओ और सेक्रेटरी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। अधिकारियों को बृहस्पतिवार तक जवाब देना होगा।
बिथरी ब्लाक की ग्राम पंचायत नरियावल में बनी छोटी गोशाला से गायों को दासपुर स्थित बड़ी गोशाला में मंगलवार को शिफ्ट किया जा रहा था। गौशाला में मौजूद सभी 25 गायों को एक डीसीएम में चढ़ा दिया गया। डीसीएम में क्षमता से अधिक गाय होने के कारण एक गाय की मौत हो गई। कई गाय घायल भी हो गईं। सूचना मिलने पर गो रक्षकों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोश जताया था।
सीडीओ देवयानी ने बताया कि गायों को डीसीएम में ठूंसकर ले जाने के दौरान एक पशु की मौत हो गई थी। इस मामले में बीडीओ कौशल कुमार व सेक्रेटरी मोरपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। दोनों के जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।