बरेली। त्योहार पर मुनाफा कमाने के लिए मिलावटखोरों ने लोगों की खुशियों के रंगों में जहर घोलने से भी परहेज नहीं किया। बेसन के लड्डू, रसगुल्ले और साबूदाना संग आयोडाइज्ड नमक में भी मिलावट पकड़ी गई है। इसकी पुष्टि खाद्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट से हुई है। रिपोर्ट के अनुसार 114 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच में 72 यानी 60 फीसदी से ज्यादा में मिलावट मिली है। कई नमूनों में हानिकारक रसायन मिले हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के मुताबिक बीते साल अक्तूबर, नवंबर में कई प्रतिष्ठानों से नमूने भरे गए थे। इन्हीं नमूनों की जांच में विभिन्न श्रेणियों में नौ असुरक्षित मिले हैं जबकि 52 अधोमानक यानी उनमें दावे के अनुरूप तत्व नहीं पाए गए हैं। वहीं चार मिसब्रांड व सात में अन्य खामियां मिली हैं। ये जो खाद्य पदार्थ घटिया मिले हैं, उनके विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार नोटिस जारी कर दी गई है। संबंधित कोर्ट में वाद दायर करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है।
खाद्य पदार्थ जो मिले मिलावटी और असुरक्षित
श्यामगंज स्थित राजेश के प्रतिष्ठान के बेसन के लड्डू, इज्जतनगर बिहारमान नगला के गौरव कुमार का कुट्टू का आटा, पीलीभीत रोड की सुषमा देवी का धनिया पाउडर, कटरा चांद खां के दीपक का साबूदाना, साहूकारा के दीपक का साबूदाना, किला के मनोज कुमार का हल्दी पाउडर, मौलानगर के मोहम्मद साहिद का राजतारा ब्रांड आयोडाइज्ड नमक, मोहल्ला टांडा के जावेद की साबुत हल्दी, आंवला पक्का कटरा के साकिर के मोतीचूर के लड्डू, संजयनगर के राजीव गुप्ता की सोनपापड़ी, सिमरा के रतिराम की कच्ची मूंगफली, फरीदपुर के साजिद का लाल मिर्च पाउडर, संभल के मोनू कुमार के रसगुल्ले, मोहल्ला ऊंचा के इरफान का हल्दी पाउडर, भोजीपुरा के लाल सिंह का साबूदाना घटिया मिले हैं। अमर उजाला ब्यूरो