बरेली। भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है। यहां कारोबार से जिन देशों का खजाना भर रहा है, उल्टे वह हमें आंखें दिखा रहे हैं। सच्चा देशभक्त इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। लोगों से अपील है कि वे स्वदेशी अपनाएं, ताकि देश का धन देश के काम आए। ये बातें सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहीं। वह बृहस्पतिवार को उप्र उद्योग व्यापार मंडल के आदर्श गल्ला मंडी स्थित कार्यालय के उद्घाटन के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।
वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने जीएसटी की दरों में बदलाव से लोगों को राहत मिलने की बात कही। प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे पक्के बिल पर कारोबार करें। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को बेहतर सेवा देना है। नई दर लागू करना एक पहल है। बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार से न आत्मीय संबंध बनता है, न शहर के विकास में इसकी कोई भूमिका है। विशिष्ट अतिथि कृषि सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि जब किसान समृद्ध होता है तो उसका असर उद्योग, व्यापार पर भी होता है।
लगाएंगे स्वदेशी अपनाने का बैनर
व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य जिले के सभी बाजारों में स्वदेशी अपनाने का बैनर लगाएंगे। इसे जनप्रतिनिधि और उद्यमियों ने जारी किया। यहां महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया, यूनियन बैंक के रीजनल प्रबंधक बृजेश तिवारी, आईआईए के अध्यक्ष मयूर धीरवानी, चैंबर के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, राजीव सिंघल, सचिव डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, विशाखा समिति की सदस्य बबीता रस्तोगी, जितेंद्र रस्तोगी, मनोज थपलियाल, संजीव अग्रवाल मिंटू, दर्शन लाल भाटिया व अन्य लोग मौजूद रहे।