बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा को धरातल पर उतारने की कवायद शुरू हो गई है। सेटेलाइट बस अड्डे के सामने आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए अंडरपास के साथ वाई शेप फ्लाईओवर बनाया जाएगा। सेतु निगम ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट के साथ ही 106 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को भेजा है।
सेटेलाइट बस अड्डे पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही दूसरे राज्यों की 350 से अधिक बसें रोज आती-जाती हैं। तकरीबन 35 हजार से अधिक लोगों का आवागमन हाेता है। इसके लिहाज से बस अड्डे का क्षेत्रफल कम है। इस वजह से बसें सड़क पर खड़ी होती हैं। वहां अक्सर जाम लगने से राहगीर परेशान होते हैं। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने छह अगस्त को मुख्यमंत्री के बरेली आगमन पर यह मुद्दा उठाया था। तब सीएम ने वाई शेप फ्लाईओवर के निर्माण की घोषणा की थी।
अब सेतु निगम ने इस पर आगे कदम बढ़ाया है। विधायक संजीव अग्रवाल ने बीडीए उपाध्यक्ष से बजट को लेकर बात की। बृहस्पतिवार की शाम उन्होंने बताया कि अंडरपास और फ्लाईओवर के निर्माण को बीडीए 16वें वित्त आयोग के बजट में शामिल करने की तैयारी में है। अगर उसमें कोई अड़चन आई तो दूसरे मद के बजट से निर्माण कराएगा। इसके लिए वह शासन स्तर तक पैरवी जारी रखेंगे।
इसलिए किया गया प्रस्तावित
सेतु निगम ने वर्ष 2021 में सेटेलाइट बस अड्डे के निकट ईसाइयों की पुलिया से शाहजहांपुर रोड की ओर 597 मीटर लंंबा फ्लाईओवर बनाया था। इससे शाहजहांपुर रोड की ओर के यातायात का प्रबंधन तो ठीक हुआ, लेकिन पीलीभीत रोड पर हालात जस के तस रहे। चार सालों में वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या और विकराल हुई। नतीजतन पीलीभीत रोड की ओर भी एक फ्लाईओवर प्रस्तावित किया गया।
ऐसा होगा प्रस्तावित फ्लाईओवर
ईसाइयों की पुलिया से शाहजहांपुर की ओर एक और टू लेन फ्लाईओवर बनेगा। यह फ्लाईओवर मौजूदा फ्लाईओवर के बगल से गुजरेगा। इसको वाई शेप करते हुए 300 मीटर का एक हिस्सा पीलीभीत रोड की ओर उतारा जाएगा। बरेली से पीलीभीत की ओर जाने वाले वाहन ईसाइयों की पुलिया से चढ़ेंगे और नए फ्लाईओवर से पीलीभीत की ओर जा सकेंगे। अगर वाहन को शाहजहांपुर की ओर जाना है तो वे सीधे जा सकेंगे। नया पुल बनने पर भी शाहजहांपुर से आने वालों के लिए मौजूदा फ्लाईओवर ज्यों का त्यों काम करता रहेगा। पीलीभीत की ओर से बरेली आ रहे वाहनों को सेटेलाइट बस अड्डे से पहले एक अंडरपास मिलेगा। इसमें घुसकर वाहन ईसाइयों की पुलिया की ओर निकल जाएंगे। उनको सेटेलाइट बस अड्डे के सामने से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। नया फ्लाईओवर और अंडरपास बनने पर पीलीभीत और उत्तराखंड की ओर जाने-आने वाले वाहनों को सेटेलाइट बस अड्डे के सामने जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
ऐसा होगा स्वरूप
800 मीटर लंबा होगा फ्लाईओवर।
400 मीटर लंबा होगा अंडरपास।
7.5 मीटर चौड़ा होगा टू लेन फ्लाईओवर।