बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएलएड के साथ एमएससी और एमएड में खाली सीटों पर प्रवेश के लिए अब पांच जनवरी अंतिम तिथि निर्धारित कर दी है। विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों को इन पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पांच जनवरी तक प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस बार इन पाठ्यक्रमों में काफी सीटें खाली रह गई हैं। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय की ओर से जारी निर्देश के तहत विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के बीएलएड में प्रवेश मेरिट के आधार पर होंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने अपने परिसर के साथ महाविद्यालयों में संचालित हो रहे एमएससी और एमएड पाठ्यक्रम की खाली सीटों पर भी प्रवेश के लिए पांच जनवरी अंतिम तिथि निर्धारित कर दी है। इसमें प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले और न होने वाले दोनों ही अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका मिलेगा। हालांकि प्रवेश प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी।