दिशा के आधार पर दुकानों को खोलने के लिए 30 जून तक के लिए ही लागू था वर्तमान रोस्टर
विज्ञापन
डीएम का कहना - आज एडवाइजरी मिलने की संभावना, उसके बाद ही कोई फैसला
बरेली। लॉकडाउन के दौरान आठ जून से दिशा के आधार पर दुकानों के खुलने का रोस्टर 30 जून को खत्म होने जा रहा है। बाजारों के खुलने का शेड्यूल यही रहेगा या उसमें कोई बदलाव होगा.. ये शासन से गाइड लाइन मिलने के बाद प्रशासन मंगलवार को तय करेगा। डीएम का कहना है कि शासन की ओर से जब कोई स्थिति स्पष्ट नहीं होती है, बाजार के मौजूदा रोस्टर में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
सरकार ने एक जून से लॉकडाउन में काफी राहत दी थी। इसके बाद प्रशासन ने पहले हफ्ते में दिनों के आधार पर अलग-अलग कारोबार से जुड़ी दुकानों के खोलने का शेड्यूल तैयार किया था मगर बाद में डीएम नितीश कुमार ने बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की दिक्कत को देखते हुए आठ जून से दिशा के आधार पर दुकानों के खुलने के दिन तय कर दिए गए। मार्केट के खुलने और बंद करने के लिए अभी यह रोस्टर ही लागू है, जिसकी समय सीमा 30 जून को पूरी हो रही है। उसके बाद दुकानें वर्तमान रोस्टर से खुलेंगी या नहीं.. ये प्रशासन को तय करना है। ताकि बदलाव हो तो एक जुलाई से उसे लागू कराया जा सके। हालांकि प्रशासन इस तैयारी में है कि मंगलवार को शासन से गाइड लाइंस आने की उम्मीद है। इसमें कौन से नए दिशा-निर्देश मिलते हैं, उसके आधार पर ही दुकानों के रोस्टर को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा। फिलहाल डीएम की ओर से यही संकेत दिए गए हैं कि जब तक शासन से कोई एडवाइजरी नहीं आ जाती, बाजार के वर्तमान रोस्टर को ही आगे बढ़ाया जाएगा।
‘मार्केट खोलने के लिए वर्तमान रोस्टर 30 जून तक के ही लिए निर्धारित था। शासन की मंगलवार को एडवाइजरी मिलने की संभावना हैं, नहीं तो इसी रोस्टर को आगे बढ़ाया जाएगा।’ - नितीश कुमार, जिलाधिकारी