हापुड़ में तैनात सिविल जज सीनियर डिवीजन असगर अली की अधिवक्ता भतीजी महजबीन की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की शादी नौ माह पहले ही हुई थी। मृतका के पिता डॉ. हासिम अंसारी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास-ससुर, देवर समेत सात लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सहसवानी टोला निवासी अधिवक्ता अच्छन अंसारी ने बताया कि उनके भाई डॉ. हासिम अंसारी ने अपनी बेटी महजबीन की शादी 27 फरवरी 2025 को प्रेम नगर थाना क्षेत्र के शाहाबाद निवासी डॉ. तल्हा से की थी। डॉ. तल्हा निजी मेडिकल कॉलेज में बीएएमएस अंतिम वर्ष का छात्र है। उसका भाई डॉ. हमजा एमबीबीएस का छात्र है।
यह भी पढ़ें- भरोसे का संकट: स्टांप ड्यूटी में छूट... फिर भी महिलाओं के नाम संपत्ति खरीदने से बच रहे पुरुष, घट रहा आंकड़ा
ससुरालवाले मांग रहे थे दूसरी कार
शादी में बेटी के लिए कार भी दी थी, लेकिन ससुराली इससे संतुष्ट नहीं थे। पति डॉ. तल्हा, ससुर डॉ. मेहदी हसन, सास आसमां, देवर डॉ. हमजा, ननद उज्मा, ननदोई फैजान व छोटी ननद दूसरी कार की मांग को लेकर महजबीन को प्रताड़ित कर रहे थे। महजबीन अधिवक्ता थीं और प्रैक्टिस कर रही थीं। उनके चाचा असगर अली सिविल जज सीनियर डिवीजन के पद पर हैं।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के चार बजे उनके परिचित ने कॉल पर सूचना दी कि महजबीन की मौत हो गई है। वह लोग पहुंचे तो देखा कि बेटी के गले पर रगड़ के निशान और मुंह से झाग निकल रहे हैं। कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बेटी की हत्या कर दी। आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।