शहर की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एडीजी और आईजी एक साथ एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे। एसपी सिटी की गैरमौजूदगी के चलते दोनों अधिकारी पैदल ही कोतवाली की तरफ चल दिए। एडीजी उस वक्त भड़क गए, जब कोतवाली के गेट पर एक होमगार्ड को उन्होंने बीड़ी पीते हुए देखा। होमगार्ड पूरी रवानी में था, एक हाथ सिर पर रखकर दूसरे से बीड़ी पीता रहा। अधिकारियों के पहुंचने के बाद वह हड़बड़ाया और बीड़ी एक तरफ फेंक दी।
एडीजी प्रेम प्रकाश ने उससे पूछा कि ड्यूटी कहां है, इस तरह करते हो ड्यूटी। होमगार्ड से कुछ जवाब देते नहीं बना। एडीजी ने नाराजगी दिखाते हुए उसको हाथ उठाकर दौड़ लगाने की सजा दी। होमगार्ड परिसर में ही हाथ उठाकर दौड़ पड़ा। एडीजी के गेट पर ही नाराजगी की खबर कोतवाली स्टाफ तक पहुंचने के बाद हड़कंप मचा रहा।
एडीजी की कार जाम में फंसी
कोतवाली पहुंचने से पहले आईजी और एडीजी की कार नावल्टी के पास जाम में फंस गईं, एसपी सिटी कार्यालय के पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाया, जिसके बाद गाड़ियां कार्यालय के अंदर आ सकी थी। धरना प्रदर्शन के चलते चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा था।
होमगार्ड को पहरा ड्यूटी से हटाने के दे चुके थे निर्देश
एडीजी ने कोतवाली के अपने पिछले निरीक्षण में पहरा ड्यूटी से होमगार्ड को हटाने के निर्देश दिए थे। होमगार्डों की लापरवाही की शिकायतें उनके पास पहुंची थी। वह इसलिए भी नाराज थे क्योंकि एक बार फिर होमगार्ड की लापरवाही पकड़ी गई।