बरेली। रोडवेज बसों की मरम्मत में भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किए गए सेवा प्रबंधक धनजी राम के स्थान पर देवीपाटन परिक्षेत्र के सेवा प्रबंधक मोहम्मद अजीम को बरेली परिक्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही, सहायक संख्या अधिकारी राजेश पाठक को बदायूं का एआरएम बनाया गया है। बदायूं के एआरएम को भी पिछले महीने निलंबित कर दिया गया था।
इसके अलावा बरेली डिपो के केंद्र प्रभारी शेर सिंह का तबादला हरदोई कर दिया गया है। उनके स्थान पर हरदोई से ममता सक्सेना को बरेली डिपो भेजा गया है। रोडवेज की बसों की मरम्मत में घपला किए जाने के मामले में शासन स्तर से जांच कराई गई थी। सेवा प्रबंधक धनजी राम, बरेली डिपो के एआरएम संजीव श्रीवास्तव, रुहेलखंड डिपो के एआरएम अरुण वाजपेयी समेत चार फोरमैन और लेखा अधिकारी दोषी पाए गए थे। फिलहाल सेवा प्रबंधक धनजी राम और बदायूं डिपो के एआरएम अजय सिंह को ही निलंबित किया गया है। अन्य पर भी जल्द निलंबन की गाज गिर सकती है। संवाद