बरेली। ई-कॉमर्स साइट पर मोबाइल फोन बेचने की सूचना डालना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। ठग ने आईफोन 17 प्रो खरीदने के बहाने 1.17 लाख रुपये का फोन ही उड़ा दिया। पीड़ित फहीमउद्दीन ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट के सैदपुर खजुरिया निवासी फहीमउद्दीन ने पुलिस को बताया कि रुपयों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने ई-कॉमर्स साइट पर अपना आईफोन बेचने का विज्ञापन दिया था। देव नाम के शख्स ने उनसे संपर्क कर फोन खरीदने की बात की। उसने खुद को मेरठ का निवासी बताया। उसने कहा कि उसकी आंटी बरेली में रहती हैं। 1.17 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
26 जुलाई को दोपहर पौने दो बजे देव ने फहीमउद्दीन को पीलीभीत रोड स्थित वीर गेस्ट हाउस बुलाया। फहीमउद्दीन अपने भाई के साथ वहां पहुंचे। वहां देव अपनी थार से आया। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। देव ने फहीमउद्दीन को गेस्ट हाउस के कमरे में बैठाकर नाश्ता-पानी कराया। इसके बाद देव ने फहीमउद्दीन से कहा कि उसकी आंटी बगल वाले कमरे में हैं। वह उनसे रुपये लेकर आता है और मोबाइल फोन दिखाने के बहाने वह उनसे फोन लेकर चला गया।
फहीमुद्दीन को पता ही नहीं लगा कि कब देव गेस्ट हाउस से बाहर निकल गया। काफी इंतजार के बाद फहीमउद्दीन ने गेस्ट हाउस के कर्मचारियों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि देव ने गेस्ट हाउस में मोहम्मद अली नाम से फर्जी पहचान दर्ज कराई थी। शिकायत पर जगतपुर चौकी प्रभारी ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने अपना नाम दानिश खां बताया। कहा कि वह मेरठ की केमरी सोसाइटी ब्लॉक बी का निवासी है।
वर्जन
ऑनलाइन सौदा करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। अनजान लोगों पर भरोसा न करें। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। - मानुष पारीक, एसपी सिटी