थिएटर पर की चर्चा, कलाकारों को सिखाए अभिनय के गुर
बरेली। थिएटर, फिल्म, टीवी सीरियल और वेब सीरीज के अभिनेता शिशिर शर्मा बुधवार को विंडरमेयर थिएटर में रंग विनायक रंग मंडल के कलाकारों से रूबरू हुए। अभिनय की बारीकियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने थिएटर में नए प्रयोगों पर जोर दिया। विंडरमेयर के ब्लैक बॉक्स थिएटर की सराहना करते हुए कहा कि यहां का माहौल नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए परिपूर्ण है।
कलाकारों से बातचीत में शिशिर ने कहा कि थिएटर से लगभग सभी विधाओं से रूबरू होने का मौका मिलता है। थिएटर सभी मंचों के लिए कलाकारों को तैयार करता है। फिल्म हो, टीवी या फिर वेब-सीरीज जैसे नए माध्यम, थिएटर के कलाकारों के लिए सभी जगह अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कोरोना काल के दौरान कला जगत और विशेषकर थिएटर की चुनौतियों पर भी चर्चा की। कहा, इंटरनेट से कलाकार एक-दूसरे से जुड़े रहे, जिससे नए विचारों का प्रवाह बना रहा। आने वाले दिनों में थिएटर और भी समृद्ध होकर सामने आएगा।
इस दौरान शिशिर से मिलने वालों में रंग विनायक रंग मंडल के सभी वरिष्ठ कलाकारों के अलावा हाल ही में ऑडिशन पास कर ग्रुप का हिस्सा बनीं नवोदित प्रतिभाएं भी शामिल रहीं। शिशिर ने दया दृष्टि चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. बृजेश्वर सिंह से मुलाकात में थिएटर को प्रोत्साहन देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।