बैठक को संबोधित करते पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बोले, ग्राम विकास से ही संभव है राष्ट्र विकास
बरेली। पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा अंतिम लाइन में खड़े व्यक्ति की चिंता करते हुए विकास कार्य करा रही है। सरकार अपराधियों व भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही कर रही है। भाजपा अपने कार्यकर्ता और काम के आधार पर ही अब तक चुनाव जीतती आई है। इसलिए पंचायत चुनाव में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों तक नीतियां पहुंचाएं और पंचायत चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जाएं।
रविवार की दोपहर कार्यकर्ता और पदाधिकारी बैठक में पंचायतीराज मंत्री चौधरी ने कहा कि मतदाता सूची वार्ड के हिसाब से बनेगी। पंचायत चुनाव प्रत्यक्ष होगा। इसलिए स्थानीय विषयों के आधार पर हमको आगे बढ़ना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो राष्ट्र विकास के सपने को देखा था वह ग्राम विकास द्वारा ही संभव है।
विशिष्ट अतिथि व प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंशी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए। सरकार किसान और पंचायतों के लिए बहुत काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास बहुत हुआ है, अब सभी गांव में पर्याप्त बिजली व पानी की आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने कहा कि 18 से 31 अक्टूबर के बीच मंडल प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार ग्राम विकास के लिए बजट में बड़ी राशि दे रही है। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, हेमंत राजपूत, राहुल साहू, मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी आदि ने विचार रखे। संचालन सोमपाल शर्मा ने किया। बैठक के दौरान कई श्रोता मोबाइल पर व्यस्त थे या फिर सोते नजर आए।