बरेली। जिले में स्कूल और कॉलेजों के आसपास 100 मीटर परिधि में गुटका और सिगरेट बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने एसपी, सीओ और सभी इंस्पेक्टरों को 15 दिन का अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयों के पास सिगरेट, तंबाकू, गुटका और अन्य मादक पदार्थ बेचने के मामले में संबंधित विभाग उदासीन हैं तो थानों की पुलिस भी कार्रवाई के मामले में सुस्त है। इसको लेकर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। नौ से 23 जून तक चलने वाले अभियान के दौरान शिक्षण संस्थानों के सौ मीटर परिधि में सिगरेट व तंबाकू बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों को सिगरेट व तंबाकू बेचने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी। रोज पुलिस स्कूल कॉलेजों के आसपास चेकिंग करेगी। ब्यूरो
विवेचना निस्तारण के लिए 20 दिन का अभियान शुरू
एसएसपी ने बताया कि थानों में लंबित विवेचनाओं का बोझ कम करने के लिए बीस दिन का विवेचना निस्तारण अभियान चलाया जाएगा। डीजीपी के निर्देश पर 16 मई से 15 दिन का निस्तारण अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान विवेचनाओं का निस्तारण किया गया इसके बाद भी काफी विवेचनाएं लंबित हैं। इन विवेचनाओं को निपटाने के लिए अब छह जून से 26 जून तक विशेष अभियान चलाकर विवेचना पूरी की जाएगी। लापरवाही बरतने पर पर्यवेक्षण अधिकारी, इंस्पेक्टर और विवेचकों की जिम्मेदारी तय होगी।