बरेली। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए यू-डाइस पोर्टल पर बच्चों का डाटा अपलोड न करने वाले 392 स्कूलों की सूची जारी की है। इन स्कूलों की लापरवाही के कारण कुल 46,452 छात्रों में से 32,877 विद्यार्थियों का पंजीकरण अभी भी अधूरा है।
जारी की गई सूची के अनुसार बरेली टाउन में सबसे अधिक 173 स्कूलों ने छात्रों का प्रमोशन लंबित रखा है, जहां 15,539 विद्यार्थियों में से 11,147 का डेटा अपलोड नहीं हुआ है। इसके बाद, मझगवां ब्लॉक दूसरे स्थान पर है, जहां 33 स्कूलों में 6,324 बच्चों में से 4,998 का डाटा अभी भी लंबित है।
यह समस्या जिले के 18 ब्लॉकों में है। बरेली शहर में 11,147, मझगवां में 4,998, क्यारा में 4,029, मीरगंज में 2,742, बहेड़ी में 2,348, फतेहगंज में 2,081 और नवाबगंज में 1,442 विद्यार्थियों का डाटा अपलोड नहीं किया गया है। इसके अलावा, फरीदपुर नगरी क्षेत्र में 849, बहेड़ी शहर क्षेत्र में 617, रामनगर में 522, आलमपुर में 488, भोजीपुरा में 441, फरीदपुर में 313, भुता में 310, शेरगढ़ में 242, बिथरी चैनपुर में 134, रिच्छा में 122 और भदपुरा में 52 विद्यार्थियों का डाटा भी अभी तक पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित स्कूलों को तत्काल प्रभाव से डाटा अपलोड करने का निर्देश दिया है। समय पर डेटा अपलोड न करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया गया है। संवाद