बरेली। पुलिस ने भमोरा के अफीम तस्कर हरप्रसाद और बेटे अवधेश की तस्करी से अर्जित 4.62 करोड़ की संपत्ति कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को उसकी संपत्तियों पर सफेमा (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैन्युपुलेटर्स) के आदेश के बोर्ड लगाकर पुलिस ने उन पर कब्जा ले लिया है।
पुलिस फतेहगंज पश्चिमी और पूर्वी के तस्करों को गिरफ्तार कर उनके मकानों, दुकानों पर बुलडोजर चलाने के बाद करोड़ों की संपत्ति फ्रीज करके उन पर कब्जा ले चुकी है। अब भमोरा के मिलक मझारा गांव निवासी स्मैक तस्कर हरप्रसाद, उसके बेटे अवधेश, उसकी पत्नी पार्वती और पुत्रवधू सोमवती की संपत्ति को कब्जे में ले रही है। पिछले दिनों सफेमा के आदेश पर इनके छह प्लॉट, आठ खेत, दो मकान और कई गाड़ी फ्रीज करने के आदेश दिए गए थे। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि रविवार को उसकी संपत्ति पर सफेमा के आदेश का बोर्ड लगातार कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।