शेरगढ़। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने बिना मान्यता संचालित एमडीएम एकेडमी स्कूल पर कार्रवाई की है। जांच में वैध अभिलेख न मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार भारती ने स्कूल संचालक को नोटिस जारी किया। संचालक ने लिखित में विद्यालय बंद करने की बात कही है।
बीएसए मुकेश कुमार भारती ने शेरगढ़ के एमडीएम एकेडमी स्कूल की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय संचालक मान्यता से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसपर अधिकारी ने संचालक को फटकार लगाई और नियमों की अनदेखी पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। संचालक ने विद्यालय बंद करने का आश्वासन लिखित में दिया है। यह मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता का माहौल है। वे सवाल उठा रहे हैं कि बिना मान्यता के पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और दस्तावेजों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
अन्य विद्यालयों पर भी सवाल
कस्बे में कई निजी विद्यालय ऐसे हैं, जो सीमित कक्षाओं की मान्यता के बावजूद उससे ऊपर की कक्षाएं चला रहे हैं। कुछ संस्थान तो कोचिंग सेंटर के नाम पर पूरे स्कूल संचालित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर विभागीय निरीक्षण हो तो कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठाया है।
मान्यता न होने पर होगी कार्रवाई
नवाबगंज। बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों के संचालन के संबंध में नवाबगंज के खंड शिक्षा अधिकारी सत्येदव सिंह ने जांच की बात कही है। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों से अभिलेख मंगवाए जा रहे हैं। मान्यता न होने पर अवैध रूप से शिक्षण संस्थान का संचालन करने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अबतक छह स्कूल चिह्नित किए गए हैं। उनको नोटिस भेजे जा रहे हैं।