बरेली। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश एआरटीओ प्रवर्तन को डीएम अविनाश सिंह ने दिए हैं। कहा है कि इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अगर ओवरलोड वाहनों से कोई हादसा होता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अभी तक की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
डीएम ने निर्देश दिए कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के खिलाफ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने खनन, राजस्व, पुलिस, परिवहन विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
कहा कि खनिजों के परिवहन के लिए जरूरी प्रपत्रों और ई-रवान्ना की नियमित जांच की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें।