फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सियासी रसूख से 'लक्ष्य' से भटकती रही कार्रवाई

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। पीलीभीत बाइपास पर गोलीकांड में आरोपी पूर्व विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट पर तीन-तीन नोटिस के बाद हुई सीलिंग की कार्रवाई सवालों में है। सवाल उठ रहा है कि बीडीए पहले नोटिस जारी करने तक ही सीमित क्यों था? कहीं किसी दबाव में तो अधिकारी नहीं थे? नोटिस के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या सियासी रसूख के चलते कार्रवाई लक्ष्य से भटकती रही? साथ ही इधर, गोलीकांड में पूर्व विधायक के नामजद होते ही 26 जून को उनके भाई के लक्ष्य रिसॉर्ट पर कार्रवाई की पटकथा लिख दी गई।
विज्ञापन

बीडीए ने बीते बुधवार को रिसॉर्ट का शमन प्रस्ताव निरस्त कर दिया। साथ ही सीलिंग का निर्णय किया गया। यही नहीं शनिवार को सीलिंग की कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट पर तीन-तीन नोटिस चस्पा करके पुरानी कार्रवाइयों का ब्योरा दर्शाया गया है।
लक्ष्य रिसॉर्ट का मामला वर्ष 2022 से चल रहा है। इसका निर्माण गलत होने को लेकर आखिरी नोटिस 26 अगस्त 2022 को दिया गया था। उस नोटिस में आपत्तियों का निराकरण जल्द करने के लिए रमेश से बीडीए ने कहा था। इसके बाद से बीडीए की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर, लंबे अंतराल के बाद शनिवार को हुई कार्रवाई से सवाल खड़े हो रहे हैं कि दो साल तक पूर्व विधायक के भाई के पास कोई नोटिस क्यों नहीं पहुंचा और रिसॉर्ट पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या ये कार्रवाई पूर्व विधायक के राजनैतिक दबदबे या क्षेत्र में उनके रसूख के कारण रुकी थी? इधर, मामला बिगड़ा तो बीडीए ने कार्रवाई कर दी।
विज्ञापन

-
चोरी-चोरी रात को निर्माण कराते थे रमेश

रिसॉर्ट को सील करने के बाद लगाई नोटिस में लिखा गया है कि बीडीए की ओर से 26 फरवरी 2022 को नोटिस भेजा गया था। साथ ही निर्माण रोकने की बात कही गई थी। उसके बाद से निर्माण कार्य रोकने के लिए विभागीय गैंग के सहयोग से प्रयास भी किया गया, लेकिन रात को चोरी छिपे निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस वजह से निर्माण और उसकी सुविधाओं को सील किया जाना जरूरी है।


रिसॉर्ट पर कब क्या हुई कार्रवाई

26 फरवरी 2022 को बीडीए ने अवैध निर्माण रोकने की चेतावनी नोटिस के जरिये दी।
04 जून 2022 को रमेश ने शमन मानचित्र के लिए प्रस्ताव पेश किया।
26 अगस्त 2022 को बीडीए ने आपत्तियों के निराकरण के लिए पत्र भेजा।
22 जून 2024 को गोलीकांड हुआ और पूर्व विधायक पप्पू भरतौल नामजद हुए।
26 जून 2024 को दो साल बाद बीडीए ने शमन प्रस्ताव निरस्त कर दिया।
29 जून 2024 को सील के आदेश जारी हुए और रिसॉर्ट सील कर दिया गया। संवाद
अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार चल रही है। कई इनपुट मिले हैं। अभी इसमें नोटिस जारी कर दिया गया है। आगे की जो भी विधिक कार्रवाई होगी वह की जाएगी।
विज्ञापन

- मनिकंडन ए, बीडीए उपाध्यक्ष
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें