बरेली। दानवीर भामाशाह की जयंती शनिवार को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया गया। जिला प्रशासन समेत शहर के प्रमुख संगठनों ने कार्यक्रमों का आयोजन किया। कहीं सर्वाधिक करदाताओं तो कहीं वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से जीआईसी ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग, राज्य कर विभाग ने संयुक्त रूप से व्यापारी कल्याण दिवस मनाया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सर्वाधिक कर अदा कर रहे तीन औद्योगिक आस्थान एरोमैटिक एवं एलाइड केमिकल, खंडेलवाल एडिबल ऑयल, कोरल मोटर्स को भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री सुदेश अग्रवाल समेत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह, संयुक्त निदेशक राज्यकर नीलम रानी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी ब्रजपाल सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जान बचाने वाले युवक समेत कारोबारी सम्मानित
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने रोटरी भवन में आयोजन किया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि मीरगंज विधायक डीसी वर्मा रहे। यहां दिल्ली के रोहिणी इलाके में दो बच्चों की जान बचाने वाले सुमित यादव काे सम्मानित किया। व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता, संजीव अग्रवाल, अंकुर बिग, अग्रवाल सेवा समिति के महामंत्री राजीव बूबना को भामाशाह सम्मान से नवाजा गया। सहायक आयुक्त सर्वेश्वर शुक्ला, महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, प्रवीण गोयल, अमित अग्रवाल, परमेंद्र पाल सिंह, विक्की बग्गा मौजूद रहे।
पांच वरिष्ठ व्यापारियों-समाजसेवी को भामाशाह रत्न सम्मान
उप्र व्यापारी सुरक्षा फोरम ने महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के नेतृत्व में संजयनगर स्थित प्रतिष्ठान में आयोजन किया। इसमें वरिष्ठ व्यापारी व समाजसेवी डॉ. संजीव राठौर, रामप्रकाश वर्मा, रामसेवक गुप्ता, कृपाल सिंह, भगवान सरन गुप्ता को भामाशाह रत्न से नवाजा गया। यहां रोहित जिंदल, प्रमोद रघुवंशी, सतीश गुप्ता व अन्य मौजूद रहे। ब्यूरो