मौसम विभाग ने कल शाम बारिश होने की जताई उम्मीद
बरेली। पांच दिनों से बेहाल कर रही गर्मी की प्रचंडता सोमवार को भी बरकार रही। पारा 42 डिग्री के पार जा पहुंचा। दिन भर तेज धूप की तपिश लोगों को झुलसाती रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी तापमान में वृद्धि की आशंका जताई है। हालांकि राहत देने वाली खबर यह है कि बुधवार शाम से चार दिन तक हल्के बादल छाए रहेंगे। बारिश बी हो सकती है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक चार दिन पहले हवा की दिशा बदली थी। इसकी वजह से बादलों का जमावड़ा खत्म हो गया और तेज धूप ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया। चिलचिलाती धूप होने से हवा में नमी का स्तर भी कम हो गया है। इससे पसीने से तरबतर लोग गर्मी से बचने के लिए एसी और कूलर का सहारा लेने पर मजबूर हो गए। सोमवार सुबह से ही तेज धूप के बाद दोपहर दो बजे तक तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डॉ. गुप्ता के मुताबिक बुधवार को फिर से हवा की दिशा बदलेगी और अगले चार दिनों तक गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।