गुलड़िया। सिरौली पुलिस और एसओजी टीम को बृहस्पतिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार में रखकर चंडीगढ़ बेचने ले जा रहे एक तस्करी के आरोपी अशोक को चार किलो अफीम समेत पकड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर एसओजी और थाना सिरौली पुलिस ने अलीगंज-सिरौली मार्ग पर दिन में सिरौली की तरफ जा रही कार को पिपरिया तिराहे पर घेरकर रोक लिया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। सख्ती से पूछा तो चालक ने सीट के नीचे से निकाल कर चार किलो अफीम दे दी। पकड़ा गया तस्कर अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नौगवां ब्राह्मण का रहने वाला है।
अन्य तस्करों के नेटवर्क को तलाशने में जुटी पुलिस : घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अजय कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस इससे जुड़े अन्य तस्करों के नेटवर्क को तलाशने में जुटी है।