नवाबगंज। किशोरी की शिकायत पर मौके पर पहुंचे पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल के साथ दबंग ने अभद्रता कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बरेली-पीलीभीत हाईवे पर स्थित गरगइया गांव में एक ग्रामीण किराना की दुकान चलाता है। आरोप है कि रविवार की रात किराना व्यापारी की दुकान पर गांव की एक किशोरी सामान लेने पहुंची। इसके बाद किशोरी और किराना व्यापारी के बीच रुपये को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज किशोरी ने 112 डायल कर पुलिस से शिकायत कर दी। सूचना मिलते ही पीआरवी की गाड़ी आ गई। पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल नाजिम ने जानकारी लेने का प्रयास किया तो व्यापारी ने कांस्टेबल के साथ अभद्रता की। इसकी सूचना कांस्टेबल ने स्थानीय पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद