बरेली। बदायूं रोड के किनारे सर्वोदय नगर में किराये की दुकान को लेकर डॉक्टर और भवन स्वामी आमने-सामने आ गए हैं। किरायेदार डॉक्टर ने भवन स्वामी पर जबरन दुकान खाली कराने, दर्जनभर लोगों के साथ जानलेवा हमला करने का आरोप लगाकर सुभाषनगर थाने में तहरीर दी है।
किरायेदार डॉ. दीपक गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने किरायानामा के साथ कानूनी तौर पर एक जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2034 तक दुकान किराये पर ली थी। प्रतिमाह 20 हजार रुपये किराया दे रहे हैं। आरोप है कि शनिवार को भवन स्वामी अपने बेटे और कुछ अन्य लोगों के साथ दुकान पर आया और जबरन सारा सामान निकालने लगा। बैनर उखाड़कर दूसरा बोर्ड लगा दिया। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।