ग्रामीणों ने पुलिस चौकी इंचार्ज के विरुद्ध विधायक से की शिकायत
कुआंडांडा। क्षेत्र के ग्राम शेखापुर में डनलप से मिट्टी व बालू ले जाने पर पुलिस ने किया परेशान तो ग्रामीणों ने विधायक से मामले की शिकायत की है। इस पर विधायक ने दोबारा परेशान करने पर कप्तान से शिकायत करने की हिदायत दी है।
भुता थाना क्षेत्र के शेखापुर गांव में किसान, ग्रामीणों ने डनलप से मिट्टी व बालू ढो कर ले जाने पर चौकी इंचार्ज पर उगाही लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण हीरालाल, बाबू पाल, शायद, प्यारेलाल, महेश, विपिन सिंह, प्यारेलाल आदि ने विधायक फरीदपुर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आवास पर जाकर शिकायत की थी। किसानों ने कहा कि वे मिट्टी व बालू लेकर जाते हैं तो उनसे उगाही की जाती है। बात न मानने पर उनके डनलप को खाली करा दिया जाता है। क्षेत्र में ऐसे कई खनन माफिया हैं, जिन पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। इधर, विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल ने बताया कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ शिकायत मिली है। दोबारा परेशान करने पर एसएसपी से शिकायत की जाएगी।
आरोपों को बताया निराधार : चौकी इंचार्ज
बेबल बसंतपुर चौकी इंचार्ज रणवीर ने बताया कि किसान नदी के किनारे से बालू निकाल कर बेच रहे थे। इसलिए उन्हें ऐसा करने से रोक कर दोबारा न करने की हिदायत दी गई थी। किसानों के आरोप झूठे हैं। संवाद