फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सिकरोडा में विकास कार्यों के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
आंवला। तहसील सभागार में शनिवार को डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें ग्राम पंचायत सिकरोडा के बाशिंदों ने दस्तावेजों में विकास कार्य दर्शाकर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप प्रधान और सचिव पर लगाया। वहीं, साइबर अपराध और राजस्व से संबंधित शिकायतें भी मिलीं। 79 शिकायतों में से आठ का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया।
विज्ञापन

ग्राम पंचायत सिकरोडा निवासी सुबोध कुमार और गेंदनलाल ने दस्तावेजों में विकास कार्य दर्शाकर करोड़ों रुपये हड़पने के आरोप में प्रधान और सचिव के खिलाफ शिकायत की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले में जांच का आदेश दिया। गांव अतरछेंडी निवासी अधिवक्ता अतुल सिंह ने अनजान नंबर से आई व्हाट्सएप कॉल पर रुपये मांगने और 10 अनजान नंबरों से लगातार ओटीपी आने और कॉल पर गालीगलौज की शिकायत की। गांव बझेडा निवासी सुजान सिंह ने गांव में सरकारी जमीन पर पिछले कई साल से कुछ ग्रामीणों की ओर से किए गए कब्जे और वहां फसल उगाकर अपने खेतों में मिलाने की शिकायत की। मोहल्ला बजरिया गंज कुरैशियान निवासी यासमीन ने जांच में पात्र होने के बावजूद पीएम आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की।
डीएम ने शिकायतें सुनकर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता से करने का आदेश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिया। किसी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। राजस्व व जमीन प्रकरण शिकायत के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर जांच करते समय शिकायतकर्ता और वहां उपस्थित व्यक्तियों के हस्ताक्षर अवश्य कराने को कहा। इस दौरान एसपी उत्तरी मुकेश कुमार, सीओ नितिन कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन


-सीएमओ के आने की सूचना पर भागे झोलाछाप
आंवला। संपूर्ण समाधान दिवस में गांव कल्लिया निवासी अबुल हसन ने गांव में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर बिना डॉक्टर के पर्चे के मरीजों को दवाइयां देने और नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर एसीएमओ ने मौके पर जाकर जांच की। इसकी जानकारी मिलते ही कस्बा सहित आसपास के इलाकों में अवैध रूप से क्लीनिक और मेडिकल स्टोर संचालन करने वाले झोलाछाप दुकानों के शटर गिराकर भाग गए। संवाद

-बैंक में लोन के नाम पर ठगी और खाद के गड्ढे में अवैध निर्माण की हुई शिकायत
नवाबगंज। तहसील सभागार में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। 115 शिकायतों में से सात का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बरखना हरचंदपुर गांव निवासी वेदप्रकाश ने नगर में एक बैक की शाखा में 10 लाख रुपये का लोन पास कराने के नाम पर ग्रामीण ने 40,000 रुपये की ठगी की शिकायत की। एसडीएम को मामले की जांच करने का आदेश दिया गया। गांव परेवा कुर्मियान निवासी चंद्रपाल ने गांव में खाद के गड्ढों पर अवैध निर्माण कराने की शिकायत की। इस मामले की जांच का आदेश नायब तहसीलदार शोभित चौधरी को दिया गया। नायब तहसीलदार ने अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया।
अधिवक्ता अशर्फी लाल गंगवार ने कॉल पर कमिश्नर से शिकायत की। उन्होंने बताया कि एडीएम (वित्त एवं राजस्व) दोपहर 1:15 बजे चले गए। इसपर कमिश्नर ने शिकायत की कॉपी जमा करने की सलाह दी। इस दौरान एसडीएम उदित पंवार, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, सीओ नीलेश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य, एआरओ प्रदीप तिवारी आदि मौजूद रहे। संवाद

-राशन कार्ड की मिलीं सर्वाधिक शिकायतें, गन्ना मूल्य भुगतान का उठा मुद्दा
बहेड़ी। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने फरियादियों की शिकायतों को सुना। संपूर्ण समाधान दिवस में 40 शिकायतें मिलीं, जिनमें सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। राशन कार्ड की सबसे अधिक शिकायतें मिलीं। भाकियू ने केसर चीनी मिल से गन्ना मूल्य भुगतान की मांग उठाई।
आइजीआरएस पोर्टल पर मिलीं शिकायतों को लंबित रखने वाले संबंधित कर्मचारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी। भाकियू कार्यकर्ता अजीत सिंह के नेतृत्व में किसानों ने केसर चीनी मिल से 146 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग की। बताया कि इस वर्ष के पेराई सत्र के 35 करोड़ रुपये अतिरिक्त बकाया हैं। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने गन्ना विभाग के अधिकारियों को बुलाया लेकिन वहां केवल लेखागार पहुंचे। एडीएम ने जिला गन्ना अधिकारी से वार्ता करके समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सुरेंद्र सिंह ,अमर पाल सिंह, प्रमोद मौर्य, रिंकू सिंह, दलपत गुर्जर, अजीम रजा, शान अली आदि मौजूद रहे।



राशन कार्ड की सबसे अधिक शिकायतें मिलने पर एडीएम ने सप्लाई इंस्पेक्टर शांतनु से नाराजगी जताई। पूर्ति विभाग को कार्यशैली में बदलाव लाने के आदेश दिए। नगर के कुछ बाशिंदों ने ज्ञापन देकर प्रशासन से तालाबों पर किए गए कब्जे हटाने की मांग उठाई।
तहसील के सभी गाटा संख्या पर पूर्व के आदेशों की होगी जांच



हल्द्वानी निवासी दिलीप कुमार ने शिकायती पत्र देकर बताया, उनकी हाईवे किनारे की जमीन गाटा संख्या 31 और 45 में तत्कालीन लेखपाल ने बिना किसी अधिकारी के आदेश के खतौनी से उनका नाम गड़बड़ी करके हटा दिया गया है। जबकि तहसील के अभिलेख आर छह रजिस्टर में कोई आदेश ही दर्ज नहीं है। इसके अलावा गाटा संख्या 76 पर उनके रकबे के एक हिस्से में डॉक्टर ने अवैध रूप से निर्माण कर लिया है, जिसे उन्होंने रुकवा दिया। मुख्यमंत्री के दरबार में इसकी शिकायत की है। एडीएम ने इसको गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अब तहसील के सभी गाटा संख्याओं पर हुए पूर्व के आदेशों की भी जांच शुरू होगी। आर छह रजिस्टर तहसील का सबसे गोपनीय रजिस्टर होता है। इसमें टिप्पणी अधिकारी के आदेश के बाद ही होती है। संवाद

-सीडीओ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस कुल 36 शिकायते पंजीकृत चार का मौके पर निस्तारण

मीरगंज। तहसील सभागार में शनिवार को सीडीओ की अध्यक्षता में 36 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से चार का मौके पर निस्तारण किया गया। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग 16 और आपूर्ति विभाग सात से संबंधित रहीं। पुलिस विभाग से संबंधित चार, ऊर्जा से संबंधित पांच, चकबंदी और नगर विकास से संबंधित एक-एक शिकायतें मिलीं। संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण का आदेश दिया। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान एसडीएम आलोक कुमार, सीओ मीरगंज, तहसीलदार आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।

-यक्ष सरोवर नहीं आए डीएम, ग्रामीण मायूस लौटेसिरौली। लिलौर की महाभारत कालीन झील (यक्ष सरोवर) के निरीक्षण के लिए डीएम का प्रस्तावित दौरा न होने से वहां जुटे ग्रामीण मायूस हो गए। झील से सटे गांव विशनपुरी के 24-26 घरों में छह माह से जलभराव है। ग्राम सचिव, बीडीओ, तहसीलदार और एसडीएम से शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है। संवाद

अवैध कब्जे को जेसीबी से हटवाया
हाफिजगंज। गांव परेवा कुर्मियान में खलिहान की जगह पर नींव भरकर किए गए कब्जे को जेसीबी से ध्वस्त कराया गया है। गांववासी चंद्रपाल और सोहनलाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने 26 जनवरी को खलिहान पर कब्जा करके नींव भर दी थी। इसकी शिकायत कई बार की गई। शनिवार को तहसील दिवस में भी शिकायत की। इसपर एडीएम (वित्त) ने कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। इसपर नायब तहसीलदार सोभित चौधरी, एसआई सत्यवीर सिंह, कानूनगोयान मोरपाल और लेखपाल राकेश कुमार ने मौके पर जाकर जेसीबी से कब्जा हटवाया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें