छात्रा को जज बनाने का झांसा देकर बनाए थे संबंध
विवेचना में पता लगा था कि शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी छात्रा 2017 में बरेली के नवादा शेखान में अपने मौसेरे भाई के घर आई थी। उसके परिवार का कोई जमीन से संबंधित केस बरेली में चल रहा था। मौसेरे भाई ने उसकी मुलाकात पंचशील कॉलोनी निवासी वकील गौरव सिंह से कराई थी। गौरव ने मुकदमे में मदद कर छात्रा से नजदीकी बढ़ाई और वकालत के साथ जज बनाने का झांसा दिया।
उसने छात्रा को एक जगह कंप्यूटर सिखवाया। फिर एलएलबी में प्रवेश दिलाया और अपने साथ घर व कोर्ट पर जूनियर बताकर ले जाने लगा। छात्रा से गौरव के प्रेम संबंध हो गए और उसे पास में ही कमरा दिलाकर वह पत्नी की तरह रखने लगा। कुछ साल बाद छात्रा से उसका मन भर गया। चूंकि गौरव के पिता व भाई पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और परिवार प्रभावशाली रहा है तो इन्होंने गौरव की शादी इज्जतनगर निवासी युवती से करवा दी।
छात्रा की शिकायत को सीओ ने दबाया
गौरव के गुपचुप शादी करने की जानकारी जब छात्रा को मिली तो वह भड़क गई। गौरव ने फिर उसे कुछ दिन बहकाया। आखिरकार छात्रा ने आईजीआरएस पर गौरव की शिकायत कर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। तत्कालीन सीओ तृतीय ने इसकी जांच की और गौरव पर कार्रवाई करने के बजाय मामला खुर्दबुर्द कर दिया। इसी का नतीजा छात्रा की हत्या के रूप में सामने आया।
छात्रा की मां ने सात अगस्त 2023 को गौरव और उसके सहयोगी वकील यश साहू के खिलाफ बेटी को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गिरफ्तारी पर गौरव ने बताया कि उसने छात्रा को रुपये देने के बहाने कचहरी बुलाया था। फिर यश के साथ कार में बैठाकर रामगंगा ले गया और हत्या कर दी। छह विवेचकों ने गौरव व यश को बचाए रखा। सांतवे विवेचक ने चार्जशीट लगा दी।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष प्रथम ने बताया कि शाहजहांपुर निवासी छात्रा की हत्या का खुलासा हो चुका है। अब विवेचक ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।