बरेली में एंटी करप्शन टीम ने बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद के संयुक्त निदेशक कार्यालय के लेखाकर राकेश वर्मा को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फंड व पेंशन दिलाने के नाम पर उसने सवा लाख रुपये रकम मांगी थी। कोतवाली में राकेश वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एंटी करप्शन टीम के मुताबिक बदायूं कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय लाल पुल मोड़ निवासी रूपेश कुमार ने बताया कि उनकी मां सरोज देवी नगर पालिका इंटर कॉलेज बदायूं में सेविका पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। जीपीएफ फंड और पेंशन के लिए डीआईओएस कार्यालय बदायूं से पत्रावली बरेली में संयुक्त निदेशक कार्यालय भेजी गई थी।