सात दिन पहले थाने में दी थी तहरीर, भटक रहा था दंपती
रूपकिशोर ने बताया कि 20 साल से वह अपने मकान में रह रहे हैं। पड़ोसी राजन वाल्मीकि अपने गुर्गों के जरिये प्लॉट और मकानों पर कब्जे करता है। पिछले महीने राजन वाल्मीकि, उसका भाई दीपक, भाभी रचना, उसकी पत्नी बेबी, पुत्री पलक, भतीजी गुल्लो व बलराज शर्मा जबरन उनके घर में घुस आए। इन लोगों ने उन्हें पीटकर घर की दीवार हिला दी। फायरिंग कर जान लेने की कोशिश की।
राजन ने मकान कब्जाने की धमकी दी और उनके कपड़े फाड़ दिए। बताया कि 27 जून को इज्जतनगर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। राजन ने पूरे परिवार को गोलियों से भून देने की धमकी दी। अब सुमन की ओर से इज्जतनगर थाने में आठ नामजद समेत 20 अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमले व अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस की जांच में रूपकिशोर का दावा बेदम
घटना के बाद इज्जतनगर थाना प्रभारी राधेश्याम ने मामले की जांच कर एसएसपी को रिपोर्ट भेज दी। उनके मुताबिक रूपकिशोर का प्लॉट गली नंबर 19 में है जो अधबना पड़ा है। विनय शर्मा नाम की महिला व उनके पति बलराज शर्मा काफी बुजुर्ग हैं जो गली नंबर 18 में रहते हैं। इनके प्लॉट के एक कमरे में रूपकिशोर 15 साल से परिवार समेत रहते हैं।
बुजुर्ग दंपती अपना कमरा खाली कराना चाहते हैं लेकिन रूपकिशोर बिना किसी वैध कागजात के इस पर अपना मालिकाना हक बता रहे हैं। लग रहा है कि दबाव बनाने के लिए रूपकिशोर व उनके परिवार ने यह घटनाक्रम किया है। बुजुर्ग की ओर से भी मामला दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।