नैनीताल रोड पर ग्राम गुडवारा के पास भीषण गर्मी में टायर फटने से टेंपो बेकाबू होकर खाई में जा गिरा जिसमें रिश्ते के मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। घर में शादी समारोह है। दुखद खबर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के लिए शव कब्जे में लेने की कोशिश की तो परिवार के लोगों ने मना कर दिया।
ग्राम गिरधुपर निवासी मोहम्मद नबी की बेटी का 14 जून को निकाह होना है। पूरा घर शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। दो दिन पहले ही नबी अहमद की शादीशुदा बड़ी बेटी फिरंगजे भी बिजनौर के हल्दौर कस्बे से शादी समारोह में शामिल होने आयी थी। दोपहर करीब दो बजे टेंपो किराए पर लेकर परिवार के लोग शादी के लिए बहेड़ी खरीददारी करने आ रहे थे। नैनीताल रोड पर ग्राम गुडवारा के पास अचानक भीषण गर्मी में टेंपो का टायर फट गया। इससे बेकाबू होकर टेंपो सड़क किनारे खाई में जा गिरा। उसमें सवार फिरंगेज, उनके परिवार के अब्दुल रहमान की बेटी अंजुमा घायल हो गए। जबकि फिरंगेज के डेढ़ साल के मासूम बेटे कासिफ की टेंपो के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव बमुश्किल टेंपो के नीचे से निकाला गया। टेंपो में दबने से उसका सिर बुरी तरह से कुचल गया था। घायल फिरंगेज को इलाज के लिए बरेली ले जाया गया। वहीं घायल बच्ची अंजुमा (17) का इलाज बहेड़ी के निजी अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान देर शाम करीब साढे़ सात बजे अंजुमा ने भी दम तोड़ दिया। देर शाम तक टैंपो मालिक व पीड़ित पक्ष के बीच समझौता होने के बाद परिवार वालों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।